गुरुवार, 6 नवंबर 2014

एक क्विंटल के बाउजी

सब उन्हें बाऊजी कहते हैं, वैसे उनकी दिली इच्छा तो बापजी कहलाने की रही है, पर क्या करें लोकतंत्र है। इसके कारण जब तब खींसें निपोरना पड़ती है, जिन्हें जूतों से हड़काया था कभी उनके हाथ तक जोड़ने की आदत डालना पड़ी है। हुजूर, सरकार, मांईबाप सुनने की चाह थी लेकिन कान में पड़ता है पिलपिला बाऊजीमन करता है कि थप्पड़ लगा कर मुर्गा बना दें अगले को। लोकतंत्र गले की हड्डी हो गया ससुरा, बड़े बड़े अनारकली हो के रह गए, मरण की मुश्किल  में जिए जा रहे हैं या जीने की कोशिश में मरे जा रहे हैं। शुरू शुरू में दिक्कत बहुत हुई, लेकिन बाद में उन्होंने मन मार के बाऊजी से काम चलाना सीख लिया। दिल को समझा लिया कि बाऊजी भी बाप ही होता है रे,  कान इधर से पकड़ो या उधर से, एक ही बात है।
                 आप सोच रहे होंगे कि उन्हें बाप बनने की ऐसी क्या पड़ी है, वो भी सबके !! तो जिस तरह भइया "जन-धन योजना" सरकार की प्रतिष्ठा है उसी तरह "बाप-बन योजना" उनकी निजी प्रतिष्ठा है। ये बात अपने दिमाग की हार्डडिस्क में अच्छे से 'सेव' कर लो कि बाप से संबोधित होना उनका एक खानदानी व्यसन है। पुराना समय होता तो इस मामले में कोई प्रश्नवाचक सिर झुका के भी प्रवेश नहीं कर सकता था उनके दरबार में। अब व्यसन है तो है, खानदानी हैं इसलिए जरूरी है कि दस-बीस व्यसन भी हों। व्यसन आन-बान-शान होते हैं खानदानी लोगों के। आम लोगों को तो परंपरा-रवायतों वगैरह का ज्ञान होता है नहीं,  सड़क किनारे कोई पड़ा दिखा नहीं कि पट्ट से बोल दिया एवड़ा-बेवड़ा कुछ भी। अगर लोकतंत्र नहीं होता तो आपको अपने आप समझ में आ जाता कि बापजी पड़े हैं। पड़े क्या हैं अपनी राज्य-भूमि को प्यार कर रहे हैं कायदे से। वो दिन होते तो झुक के सात सलाम और पांच पा-लागी अलग से करते लोग। लेकिन अब क्या है, अदब कायदों का तो अकाल ही पड़ गया। बासी, सल पड़ा काना आलू सा बाऊजी मिल जाए तो बहुत है।
                        बाऊजी जब राजनीति में आए थे तब काफी जवान थे। बल्कि ये कहना ठीक होगा कि जवानी के बल पर ही राजनीति में आए थे। उनके दिमाग में बात साफ थी कि राजनीति वो न जनता के लिए करते हैं और न ही देश के लिए। वे जो करते हैं खुद के लिए करते हैं। राजपाठ के दिन भले ही लद गए हों पर कोशिश करने वालों को सफलता मिलती है। आज भी राजा होने के लिए प्रजा चाहिए परंतु ये लोकतंत्र कमबख्त है और जनता ढीठ। प्रजा बनाओ तो बनती नहीं है। वे बार बार लोकतंत्र को प्रजातंत्र कहते हैं लेकिन जनता को कुछ समझ में नहीं आता, बहुत हुआ तो नारा ठोंक देती है कि "जब तक सूरज-चांद रहेगा, बाऊजी का नाम रहेगा"। वे दुःखी हो जाते हैं, मन तो होता है कि छोड़ दें ऐसी राजनीति जो श्रीमंत को बाऊजी बना देती है लेकिन कोई जमीन हो तो नाव से उतरें भी।
                       खैर, बात में से बात निकलती जा रही है और असली बात छूट रही है। जनता भी पक्की राजनीतिबाज है उसने नेताओं को तौलने का फैशन चला रख़ा है। किसी जमाने में चांदी से तौला करते थे लेकिन मंहगाई है तो आलू-प्याज और टमाटर से तौल देते हैं। ये भी मंहगे हुए तो कर्णधार केलों से तुलने लगे, बाद में घर जाने के भाव में कद्दू, फूल गोभी, तरबूज वगैरह का नंबर लगा। हर तुलाई के बाद फोटू छपती, खबर बनती है। बाऊजी का भी मन होता था कि काश कोई उन्हें भी तौल दे। साठ किलो के शरीर से उन्होंने राजनीति शुरू की थी, तौलने के हिसाब से वजन ठीक था। उस वक्त पट्ठे नहीं थे, होते तो चांदी से तुल जाते। अब सौ किलो के हो गए हैं और तरबूज-खरबूज से तुलने का मन नहीं हो रहा है। चाहते हैं कि चांदी ना सही, तुलें तो कम से कम अनाज से तुलें। पट्ठों ने अनाज मंडी में जा कर खबर की कि बाऊजी अनाज से तुलना चाहते हैं, तौलो।
                 ^^ सोयाबीन का सीजन चल रिया हे, धंधा करें कि फ़ोकट की तौला-तौली करें भिया !! छोटे-बड़े बांट-वांट भी नीं हैं, इलेक्ट्रानिक मसीन से काम होता हे यां-पे। बिजली कभी आती हे कभी जाती हे। पेले इ प्रेसन हेंगे, केसे करेंगे, आप लोग ही सोचो।" मंडी अध्यक्ष ने समस्या बताई।
               ^^ बाऊजी पूरे सौ किलो के हैं। ना सौ ग्राम ज्यादा ना सौ ग्राम कम। सोयाबीन की भरती के बरोबर। बोलो अब क्या दिक्कत है " -
               ^^ क्या सचमुच पूरे सो किलो हेंगे "
               ^^ पूरे सौ किलो । "
               अध्यक्ष ने हम्माल को दौड़ा कर मदनसेठ को बुलवाया। वे भागे आए,- ^^ अरे मदन सेठ, तोल की व्योवस्था हो गई क्या तुमारी "
              ^^ अब्बी कां ।"
              फौरन से पेश्तर बाऊजी को लेकर आए पट्ठे। बाऊजी बड़े से तराजू के एक तरफ बैठे हैं और दूसरे पलड़े पर सोयाबीन की बोरियां एक एक कर रखी-उतारी जा रही हैं। तालियां बज रहीं हैं और हार डाले जा रहे हैंबताया जा रहा है कि बाऊजी तुल रहे हैं। बाऊजी भी मान रहे हैं कि वे ही तुल रहे हैं। किसान खुश है कि उसकी सोयाबीन तुल रही है। व्यापारी खुश  है कि बाऊजी को दो किलो फूलमाला पहना कर उन्हें क्विंटल पीछे दो किलो सोयाबीन ज्यादा मिल रही है। 
                                                      ------

नवंबर के भरोसे पूरा साल

                       
जिन्दा रहना मेरा निजी जोखिम है, बावजूद इसके नवंबर का महीना मेरे, जीवित होने, का महीना होता है। एक बार मैं नवंबर में जिन्दा घोषित हो जाउं तो आगे के ग्यारह महीनों की गैरंटी हो जाती है। यानी मैं अगर नवंबर में जीवित बरामद होता हूं तो ही वास्तव में जीवित हूं, वरना मरा हुआ हूं, चाहे नहीं भी मरा हूं। साफ है कि जो नवंबर चूक गए वो गए काम से। अगर कोई बंदा अक्टूबर में जाउं-जाउं कर रहा हो तो, उसके वालेकोशिश करते हैं कि कम से  कम नवंबर तो निकाल ले। नवंबर में मैं यह लेख लिख रहा हूं तो संपादकजी मान लेंगे कि जिन्दा हूं लेकिन मेरा विभाग नहीं मानेगा। विभाग कागजों पर चलता है, मेरे जिन्दा होने की घोषणा मेरे होने से ज्यादा जरूरी है। अगर कोई किसी तरह घोषणा करने में सफल हो जाए तो मरा हुआ आदमी भी जिन्दा हो सकता है। संसार मिथ्या है, काया नश्वर है, इसलिए कागजों पर जिन्दा होना जरूरी है। जब मैं घोषणा करता हूं तो मुझे भी लगता है कि मैं वाकई जिन्दा हूं। वरना ऐसे लाखों हैं जो जिन्दा हैं, लेकिन उन्हें कोई मानता नहीं,उनसे जिन्दा आदमी सा व्यवहार नहीं करता। बारह महीनों में से किसी भी महीने में उनसे कोई नहीं कहता कि घोषणा करो कि तुम जिन्दा हो । धीरे धीरे वे खुद ही भूलने लगते हैं कि वे जिन्दा हैं, अन्य लोग तो पहले ही भूल चुकते हैं। देखा जाए तो इस व्यवस्था में बड़ा सुकून है, आज के समय में जब कोई किसी को पूछता नहीं है कि भइया जी रहे हो या मर रहे हो। ऐसे में विभाग पूछ रहा है कि जिन्दा हो, तो कितना अपनापन लगता है।
अपने यहां तो मरे को भी तब तक मरा नहीं मानते हैं जब तक कि डाक्टर उसे मृत घोषित न कर दे। सोचिए अगर डाक्टर हड़ताल कर दें या ठान लें कि हम किसी को मृत घोषित नहीं करेंगे तो लोगों का मरना कितना                           मुश्किल  हो जाएगा। लेकिन इधर ऐसा नहीं है। अगर कोई अपने जिन्दा रहने की घोषणा खुद नहीं करेगा तो पहली दिसंबर को अपने आप मरा मान लिया जाएगा। पेंशन खाते में उसका अंतिम संस्कार हो जाएगा और शोकपत्र के साथ शेष रकम नामांकित को दे कर हाथ जोड़ दिए जाएंगे। वह चीखता रहे कि मैं जिन्दा हूं, उधर से जवाब आएगा कि बाउजी ये दिसंबर है। दिसंबर में जिन्दगी के पट बंद हो जाते हैं। जो नवंबर में मस्त थे वे दिसंबर में अस्त माने जाएंगे।

अस्सी वर्षीय दर्शन बाबू सरकार को भजते थकते नहीं हैं। नवंबर के इंतजार में कब और कैसे बाकी ग्यारह महीने जी लेते हैं उन्हें खुद पता नहीं चलता है। नवंबर नहीं हो तो उनकी सांसें ही थम जाएं। सेहत उनकी बढ़िया है, नवंबर की गुलाबी ठंड में वे अपना शादी का सूट स्तरी करवाते हैं, जूतों पर पालश इतनी कि लगता है जूते दिखा कर पेंशन लाने वाले हों। बगल में पहले सेंट होता था अब डीओ। कान के उपर के बालों को छोड़ शेष रह गए कुछ बालों पर खिजाब और मूंछों पर तेल लगा कर तैयार होते हैं। हाथ में एक बैग है जिस में जरूरी कागजों के अलावा हनुमानचालीसा भी है। वे बाकायदा अगले ग्यारह महीनों की जिन्दगी लेने जा रहे होते हैं। जब लौटेंगे तो उनके मुंह में पान होगा जिसके रस को वे अपने कोट के साथ शेयर कर रहे होंगे। लेकिन कोई उन्हें कुछ नहीं कहेगा। नवंबर का महीना घर में दूध देती गाय के आने का महीना है।